बनारस से इलिया जा रही निजी बस बुधवार की सुबह नौ बजे दूदे बड़के गांव स्थित बड़ी माई मंदिर के पास साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि चालक समेत बस में सवार दस यात्री जख्मी हुए।
वाराणसी से यात्रियों को लेकर बस इलिया जा रही थी। नौ बजे के करीब बस दूदे बड़का गांव के समीप पहुंची ही थी अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बस सड़क के किनारे पलट गई। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में सवार लोगों को एक एक कर बाहर निकाला। इस घटना में प्रद्युम्न (16) निवासी सिंगरौल शहाबगंज, चालक शमशेर (40) निवासी लेवा, सरफराज (26) निवासी शहाबगंज, शहाबगंज स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. रीता कौर, डॉ. रचना गुप्ता, डॉ. रीता श्रीवास्तव, राम इकबाल सिंह (50) निवासी धुरवा चकिया सहित दस लोग जख्मी हुए। प्रद्युम्न, चालक शमशेर और सरफराज को स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां तीनों की हालत गंभीर देख कर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान प्रद्युम्न की मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों ने चकिया संयुक्त चिकित्सालय और अन्य निजी अस्पतालों में पहुंच कर प्राथमिक उपचार कराया।