थाना क्षेत्र के इसरगोड़वा गांव निवासी एक किशोर की मां ने थाने में अपने पुत्र के अपहरण का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसके पट्टीदार रामकिशुन और अन्य तीन लोगों ने उसका अपहरण कर लिया है। उसने मामला जमीन संबंधी विवाद का बताया है। वहीं शहाबगंज थाना अन्तर्गत एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी पुत्री के अपहरण का मामला दर्ज कराया है, जिसमें अपह्त किशोर को आरोपी बनाया है। फिलहाल दोनों थानों की पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। इलिया थाना क्षेत्र इसरगोड़वा गांव निवासी किशोर राजू चौहान बीते 22 अप्रैल को रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया था। जिसके बाद उसकी मां राजकुमारी देवी ने अपने पट़्टीदार रामकिशुन और अन्य तीन के खिलाफ थाने मे अपने पुत्र के अपहरण किये जाने की तहरीर दी थी। मां का आरोप है कि जमीन संबंधी मामले के चलते मेरे बेटे का अपहरण किया गया है। मां का कहना रहा कि पहले मामला दर्ज नहीं किया गया। बाद में पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप पर पुलिस तहरीर के आधार पर 23 अप्रैल को मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही कर रही है। उधर शहाबगंज थाने में इसी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने इलिया थाना क्षेत्र के इसरगोड़वा निवासी किशोर राजू चौहान पर अपनी पुत्री के अपहरण करने का मामला दर्ज कराया है। इस मामले में रोचक पहलू यह है कि किशोर के अपहण के मामले में उसकी मां ने अपने पट़्टीदारो पर आरोप जड़ा है तो किशोरी के अपहरण का मामला भी उसी किशोर पर दर्ज है जिसका अपहरण हो चुका है। ऐसे में दोनों थानों की पुलिस के लिए यह अबूझ पहेली बन गयी है। दोनों थाने की पुलिस अपने-अपने स्तर पर जांच कर रही है।