मोहनियां। भभुआ थाना अंतर्गत सीओ गांव में सोमवार की शाम एक किशोर की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में डूबने से हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता ने बताया कि उनका पुत्र कुशल तैराक था।
भभुआ थाना क्षेत्र के सीओ गांव निवासी बनारसी बिंद का पुत्र राजेश कुमार बिंद (15) सोमवार की शाम गांव स्थित तालाब में नहाने गया था। कुछ देर बाद उसका शव तलाब में उतराया हुआ मिला। वहां गुजर रहे ग्रमीणों की नजर जब उस पड़ी तो सभी के होश उड़ गए। बाद में लोगों ने इसकी सूचना उसके पिता को दी। घटना के बाद से पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।