शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) सोमवार को जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर हुई। दो पालियों में हुई परीक्षा में 5854 अभ्यर्थियों में से 5329 ने प्रतिभाग किया, जबकि 525 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह नजर आया। दूसरी तरफ सुरक्षा और शुचिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी कुमार प्रशांत सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट केंद्रों पर भ्रमण करते रहे।
टीईटी के लिए जनपद में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां दो पालियों में परीक्षा कराई गई। शिक्षक बनने की जद्दोजहद में लगे अभ्यर्थी सुबह ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मालती राय ने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न दस बजे से दोपहर ढाई बजे तक चली। इसमें कुल 3821 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 3485 ने परीक्षा दी, जबकि 336 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में दोपहर ढाई बजे से शुरू हुई परीक्षा में 2033 अभ्यर्थियों में 1444 अभ्यर्थी ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे और 189 ने परीक्षा छोड़ दी। सुरक्षा को देखते हुए केंद्रों पर पुलिस बल को तैनात किया गया था। साथ ही अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने खुद केंद्रों का निरीक्षण किया और लापरवाही पर कई अधिकारियों को फटकार लगाई।