बैठक को संबोधित करते केंद्रीय राज्य मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने शुक्रवार की शाम मुख्यालय स्थित कैंप कार्यालय पर परिवर्तन यात्रा को लेकर बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह यात्रा भाजपा के व्यापक रूप का प्रदर्शन है। यात्रा को विधान सभा चुनाव का सेमीफाइनल कार्यक्रम बताया। जिले में परिवर्तन यात्रा 9 नवंबर को प्रवेश करेंगी।
डा. पांडेय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा ही एकमात्र विकल्प है। बसपा काफी कमजोर हो चुकी है, तो सपा अपने में ही उलझ कर रह गई है। देश के पंद्रह राज्यों में भाजपा की सरकार सकुशल चल रही है। जनता को यही भरोसा दिलाने के लिए परिवर्तन यात्रा निकाली गई है। लोगों को बताना है कि भाजपा ही प्रदेश का सही मायनों में विकास कर सकती है। कहा कि यात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। उनका यह उत्साह बना रहे और अधिक से अधिक लोग यात्रा में शामिल हों यह जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की है। मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री ने अधिकारियों पर मनमाने तरीके से कार्य करने का भी आरोप लगाया। कहा कि इससे उनके द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। राबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि गंगा, गौ, बेटी, किसान और जवानों के सम्मान की रक्षा के लिए यात्रा निकाली जा रही है। कहा कि कांग्रेस के राहुल गांधी और केजरीवाल जैसे नेता देश के जवानों के नाम पर घृणित राजनीति कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा ने यात्रा कार्यक्रम के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह, रामजी गुप्ता आदि रहे।