पीडीडीयू नगर। कोरोना संक्रमण के चलते कर्मचारियों की उपस्थिति सीमित रखने के सरकारी आदेश का लाभ उठाते हुए विद्युत वितरण खंड मुगलसराय के निलंबित लिपिक बुधवार को पूर्वाह्न कार्यालय पहुंच गया। वहां मुहरबंद आलमारी का ताला खोलकर आवश्यक पत्रावली गायब कर दी। 2016 के एक मामले में उसके खिलाफ जांच चल रही है। उस अलमारी में उससे संबंधित तमाम कागजात थे। ऐसा उसने अपने निलंबन प्रकरण में चल रही जांच को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया है। लिपिक की कारस्तानी विभाग के कार्यालय में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई है। मामले में एक्सईएन ने लिपिक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस तहरीर व सीसी कैमरे के कैद तस्वीरों के आधार पर जांच में जुट गई है।
अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश के तहत कार्यालय में आने वाले कर्मचारियों की संख्या सीमित कर दी गई है। इसका लाभ उठाते हुए निलंबित लिपिक विकास श्रीवास्तव बुधवार को कार्यालय पहुंचा। कार्यालय के बाहर तैनात सुरक्षा गार्ड चंद्रमा व अन्य को धमकाते हुए वह सीधा कार्यालय के तीसरे तल पर पहुंचा। यहां उसने जांच समिति के मुहरबंद आलमारी का ताला खोलकर उसमें रखी आवश्यक पत्रावली लेकर फरार हो गया। आलमारी की चाभी विकास के पास ही थी। बताया कि सुभाष नगर निवासी विभाग के लिपिक के विरुद्ध वर्ष 2016 के एक प्रकरण में एक अन्य कर्मचारी को आत्महत्या के लिए उकसाने व विभागीय धनराशि के गबन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया था। पूरे प्रकरण की जांच चल रही है। इस संबंध में सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। पुलिस तहरीर व सीसी टीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।