भदखरी गांव में गली में निर्माण में एक पक्ष द्वारा अवरोध उत्पन्न करने से उपजे विवाद में पुलिस की एकतरफा कार्रवाई से क्षुब्ध प्रधान ने शुक्रवार को समर्थकों के साथ थाने का घेराव कर दिया। तीन घंटे बाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार के समझाने के बाद घेराव खत्म हो गया। एसओ ने प्रधान पति व गांव के ही एक व्यक्ति को शांतिभंग की आशंका में थाने पर बैठा लिया था।
भदखरी में ग्राम पंचायत की ओर से गली का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शुक्रवार को भी मजदूर कार्य कर रहे थे। रूद्रप्रताप सिंह, चंदन, अजय ने कार्य को रोकवा दिया। कार्य रूकने की सूचना पर प्रधान पति धीरेन्द्र सिंह घप्पू पहुंचे और कारण जानना चाहा। इस पर दोनों पक्ष में वाद-विवाद होने लगा। सूचना पर रामपुर चौकी इंचार्ज पहुंचे और कार्य को सही ठहराया। विवाद बढ़ता देख एसओ राकेश यादव ने प्रधान पति और रुद्रप्रताप सिंह को थाने पर बुलवा लिया और शांति भंग की आशंका में उन्हें बैठा लिया।
इसकी सूचना जब ग्राम प्रधान को मिली तो वे सैकड़ो ग्रामीणों के साथ थाने जा धमकीं और थाने का घेराव किया। एसओ से थाने में बैठाये जाने का कारण पूछा। जिसपर एसओ ने समझा बुझाकर लोगों को लौटा दिया और प्रधान पति को भी छोड़ दिया।