सिपाही द्वारा कथित दुर्व्यवहार से नाराज छात्र नेताओं ने साथियों संग शुक्रवार की शाम अलीनगर थाने पर धरना दिया। सिपाही और थानाध्यक्ष को हटाए जाने की मांग पर छात्र अड़े रहे। सूचना के बाद क्षेत्रीय विधायक बब्बन सिंह चौहान, सपा नेता नफीस अहमद गुड्डूू और चंद्रशेखर यादव मौके पर पहुंच गए। ये सभी सिपाही को निलंबित करने की मांग करने लगे। सूचना के बाद सीओ सदर प्रमोद यादव वहां पहुंच गए। उन्होंने मामले की जांचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना खत्म हो गया।
वाराणसी निवासी छेदी हाशमी का अलीनगर स्थित नईम टेंट हाउस से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। छेदी ने पिछले दिनों नईम टेंट हाउस के मालिक के खिलाफ अलीनगर थाने में तहरीर दी थी। इसी मामले में बातचीत करने के लिए मुगलसराय निवासी तौसिफ अहमद, छात्र नेता निखिल राज और अन्य के साथ शुक्रवार की शाम अलीनगर थाने पर गया था। इसी बीच तौसिफ का थाने पर तैनात सिपाही से विवाद हो गया। तौसिफ अहमद का आरोप है कि सिपाही ने उसके साथ गाली गलौज की। इससे नाराज तौसिफ अहमद, छात्र नेता निखिल राज, नंदजी व राकेश आदि ने अन्य लोगों को सूचना देते हुए साथियों के साथ थाना परिसर में धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक बब्बन सिंह चौहान, सपा नेता नफीस अहमद गुड्डूू व चंद्रशेखर यादव भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक वाद विवाद चलता रहा। थाने में धरना देने की सूचना पर कई दलों के नेता भी थाने में पहुंच गए और छात्र नेताओं का समर्थन करने लगे। सूचना के बाद सीओ सदर प्रमोद यादव पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुनी। सीओ ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।