पीडीडीयू नगर। लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के लिए बुधवार को मतदान होगा। इसके लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशी अपने समर्थन में मंगलवार को देर रात तक प्रचार-प्रसार कर मतदाताओं से वोट की अपील करते रहे।
पीडीडीयू नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री पीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग मतदान स्थल बनाए गए हैं। इसके साथ महाविद्यालय परिसर के भीतर प्रत्याशियों के लिए एक अलग से घेरा बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस भी तैनात की जाएगी। मतदान सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। इसके बाद तीन बजे से मतों की गिनती की जाएगी। इसके देर शाम तक विजेता प्रत्याशियों की घोषणा कर उन्हें शपथ दिलाई जाएगी। छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए चार, उपाध्यक्ष के लिए पांच, महामंत्री के लिए चार, पुस्तकालय मंत्री के लिए दो, कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए 16 व वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के लिए एक प्रत्याशी मैदान में है।