चंदौली। झांसी गांव के समीप मंगलवार को सर्विस रोड पर ट्रक की चपेट में आने से एक पैरामेडिकल काॅलेज में पढ़ने वाली जीएनएम की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर जुटे आसपास के ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर कर दिया।
धीना थाना क्षेत्र के कवई पहाड़पुर गांव निवासी अवधेश यादव की बेटी प्रीति यादव (17) एक पैरामेडिकल काॅलेज में जीएनएम की पढ़ाई कर झांसी गांव के समीप ही अपने कमरे पर जा रही थी। रास्ते में काॅलेज से कुछ दूर नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर ट्रक की चपेट में आ गई। इस हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने उसे जिला मुख्यालय के निजी हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ कर कोतवाली लाया गया है।