सकलडीहा। एक महाविद्यालय की छात्रा ने मंगलवार को कॉलेज के प्रोफेसर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। घटना को लेकर महाविद्यालय के 20 से ज्यादा छात्रों ने सीओ कार्यालय और कोतवाली पहुंचकर घटना से पुलिस को अवगत कराकर तहरीर दी। कोतवाली पुलिस तहरीर लेकर मामले की जांच में जुटी है। उधर, कॉलेज के प्राचार्य ने आरोपों को निराधार बताते हुए इसे छात्रों की साजिश बताया है।
तहरीर में छात्रा ने आरोप लगाया है कि कॉलेज के प्रोफेसर ने कक्षा में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। जबरदस्ती करने लगे और किसी से न कहने के लिए हाथ में पैसे भी थमा दिए। उधर, घटना की जानकारी होने पर छात्र लामबंद हो गए। इसकी शिकायत करने प्राचार्य कक्ष पहुंचे। बाद में छात्रों ने छात्रा के साथ सीओ कार्यालय और कोतवाली पहुंचकर प्रोफेसर के खिलाफ तहरीर दी। काॅलेज के प्राचार्य ने कहा कि यह सब एक साजिश के तहत किया जा रहा है। कुछ छात्र नेता छात्रा को आगे कर राजनीति कर रहे हैं। तीन दिन पहले कुछ छात्रों के खिलाफ काॅलेज में अराजकता फैलाने को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी नाराजगी में यह आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में सीओ रघुराज का कहना है कि छात्रा की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच के बाद ही कोई कार्रवाई होगी।