चंदौली धीना रेलवे क्रासिंग पर वाहन पर सवार होकर प्रदर्शन करते पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू।
- फोटो : CHANDAULI
धीना। किसानों के समर्थन में सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार की दोपहर में एक बजे धीना रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर धरने पर बैठ गए। रेलवे क्रासिंग पर धरना से जहां सड़क मार्ग अवरूद्ध हो गया। वहीं पटना पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मार्ग पर ट्रेनों के पहिए रुक गए। डाउन की तरफ पटना पैसेंजर धरना स्थल के पहले रुक गई। वहीं धीना स्टेशन पर पटना इंदौर एक्सप्रेस खड़ी हो गई।
स्टेशन मास्टर जितेंद्र प्रसाद ने दानापुर रेल मंडल के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इस पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। वहीं घटना की सूचना पाकर एसडीएम प्रदीप कुमार, सीओ सकलडीहा भुवनेश चिकारा के साथ सकलडीहा, धीना, चहनियां, धानापुर पुलिस थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। एक घंटे बाद एडीएम अतुल कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक प्रेमचंद की उपस्थिति में मनोज सिंह डब्लू को गिरफ्तार किया गया और प्रदर्शन कर रहे लोगों को ट्रैक से हटाया गया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी। ट्रैक पर प्रदर्शन करने वालों में रामजन्म यादव, रामदुलार कनौजिया, राजीव यादव, जगमेंदर यादव, अनिल, निजामउल खान, हाजी बिस्मिल्लाह, सरफराज खान, रामराज यादव, अवधेश राय रहे।
चंदौली। भारत बंद के समर्थन में अति उत्साह में आकर रेलवे ट्रैक पर धरना देना पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मनोज सिंह डब्लू को गिरफ्तार कर रेलवे अधिनियम के तहत जेल भेज दिया। इसके पहले पुलिस ने मनोज सिंह के घंटों सरकारी वाहन में घुमाती रही।
सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने माधोपुर स्थित अपने आवास पर पुलिस की घेरेबंदी को तोड़कर गांव से बाहर निकल आए और धीना रेलवे क्रासिंग पर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया। मौके पर पहुंची धीना पुलिस ने मनोज के साथ सपा नेता अमित यादव लाला, जगमेंद्र यादव को गिरफ्तार कर थाने ले गई। मनोज सिंह डब्लू को सरकारी वाहन से धीना थाने से जिला मुख्यालय और फिर औद्योगिक नगर पुलिस चैकी तक की यात्रा कराई गयी। बाद में उन्हें जेल भेजा गया। एएसपी प्रेमचंद ने बताया कि उन्हें रेल अधिनियम के तहत निरूद्ध किया गया है।