चंदौली। जिले के दो शहरी और 21 ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। आरोग्य मेले में सबसे ज्यादा गैस्ट्रो के 189 मरीज आए। सीएमओ डॉ. युगल किशोर राय ने बताया कि मौसम में परिवर्तन और लापरवाही की वजह से मेले में पेट से संबंधित बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इससे बचाव के लिए गर्मी में खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कुल 1752 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं।
सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में खास तौर से ग्रामीण अंचलों के लोगों को पास में ही दवा मिल जा रही है। आरोग्य मेले में कुल 1752 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। इनमें 731 पुरुष, महिला 699 महिला व 322 बच्चे शामिल रहे। मेले में त्वचा से संबंधित बीमारी के 316, ब्लड प्रेशर के 150, लीवर के 59, शुगर के 99 और गैस्ट्रो के 189 मरीज पहुंचे। उधर, शिकारगंज क्षेत्र में स्थित तीन पीएचसी में आयोजित आरोग्य मेले में कुल 325 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। मुड़हुआ दक्षिणी, रामपुर कला व चकिया पीएचसी पर विभिन्न समस्याओं से पीड़ित मरीज पहुंचे। पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विकास ने बताया कि रामपुर कला पीएचसी पर 105, मुड़हुआ दक्षिणी पीएचसी पर 101 और चकिया पीएचसी पर 119 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं।