कंदवा के अदसड़ में मारपीट के बाद तैनात पुलिस।
- फोटो : CHANDAULI
कंदवा थाना क्षेत्र के अदसड़ गांव में जाति विशेष पर टिप्पणी किए जाने के लेकर शनिवार को दो पक्षों में बवाल हुआ। इस दौरान दो तरफ चले लाठी-डंडे व ईंट पत्थर में दस लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैयदराजा में उपचार कराया। जहां तीन लोगों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने 15 लोगों को हिरासत में लेकर विभिन्न धाराओं में चालान कर दिया है। घटना के बाद से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
अदसड़ गांव स्थित एक सार्वजनिक कुएं पर बैठकर एक जाति के युवाओं द्वारा जाति विशेष पर लगातार टिप्पणी की जाती है। शुक्रवार की देर शाम एक व्यक्ति द्वारा इस बात का विरोध किया। शनिवार को एक जाति के लोगों द्वारा कुएं पर बैठने के स्थान को इस नियत से तोड़ा जा रहा था कि यहां कोई बैठ न सके। जिसपर दूसरी जाति के लोग इस बात का विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर ईंट पत्थर से प्रहार शुरू कर दिया। जिससे एक पक्ष के परमानंद सिंह (25), अवधेश सिंह उर्फ लादू (44), दिग्वेंद्र सिंह (30), राजेश सिंह (30), अभिषेक (20) और भोला सिंह (24) घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से ग्राम प्रधान सन्तोष शर्मा (52), दीपक मौर्या (24), पंकज मौर्या (22) और दीपक गुप्ता (20) घायल हो गए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैयदराजा में भर्ती कराया। जहां अवधेश सिंह, परमानंद सिंह और भोला सिंह की स्थिति खराब देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मारपीट के मामले में पुलिस 15 लोगों को पकड़ थाने ले आई और सभी का शांति भंग व बलवा करने के आरोप में चालान कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। कंदवा थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर दी गई है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात कर दी गई है।