कैंप कार्यालय पर जानकारी देते डीएम, वन विभाग के अधिकारी।
पर्यावरण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को विश्व कीर्तिमान स्थापित करने में सभी का सहयोग जरूरी है। सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए 11 जुलाई को विशेष दिवस आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत जगह-जगह पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। बताया कि इस दिन जनपद में कुल 961225 पौधों को रोपित किया जाएगा।
उक्त बातें डीएम कुमार प्रशांत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
डीएम ने कहा कि इस विशेष अभियान में लगभग 9600 मजदूरों के साथ लगभग 1500 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही सफाई कर्मियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए सेक्टर व जोन में जनपद को बांटा गया है, ताकि पौधरोपण का कार्यक्रम शत-प्रतिशत संपन्न हो सके। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
पौधरोपण के दौरान सागौन, शीशम, ईमली, नीम, पीपल, महुआ, चिलबिल और जामुन के पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए गड्ढे खोदे जा चुके हैं और पौधे भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। मॉनिटरिंग के लिए सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। जनपद के कुल 1764 हेक्टेयर खाली पड़ी जमीन पर पौधरोपण किया जाएगा
। डीएफओ मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि पौधरोपण कार्यक्रम में चार करोड़ 58 लाख रुपये खर्च होंगे, जिसमें एक करोड़ 72 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। नौगढ़ और जय मोहनी रेंज में ग्रीन बेल्ट के तहत 32 हेक्टेयर में 20 हजार पौध रोपित होंगे। इस अवसर पर अखिलेश जायसवाल आदि उपस्थित रहे।