चंदौली। सदर कोतवाली के माटी गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में पुरातत्व विभाग बीएचयू की टीम खुदाई करा रहा है। बृहस्पतिवार को खुदाई के दौरान टीम को वहां गुप्तकालीन भगवान श्रीविष्णु की खंडित प्रतिमा और एक शिवलिंग मिला है। पुरातत्व विभाग के लोगों ने बताया कि शिव मंदिर में उत्खनन के दौरान अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर यहां गुप्तकालीन परंपरा के समय से कई साक्ष्य मौजूद हैं। खुदाई के दौरान आगे भी ऐतिहासिक अवशेष मिलने की संभावना है।
सदर कोतवाली के माटी का प्राचीन शिव मंदिर परिसर में पुरातत्व विभाग बीएचयू ने मार्च में खुदाई शुरू कराई थी मगर कोरोना के चलते लाकडाउन के बाद यह कार्य बंद हो गया था। अनलाक वन के बाद पुरातत्व विभाग की ओर से उत्खनन का कार्य मंगलवार से दोबारा शुरू किया गया है। पुरातत्व विभाग की टीम मंदिर परिसर में चार से पांच स्थानों पर खुदाई कर रही है। टीम के लीडर डॉ विनय कुमार ने बताया कि उत्खनन के दौरान माटी गांव में गुप्तकालीन ऐतिहासिक परंपरा के अवशेष मिले हैं। बृहस्पतिवार को बीएचयू पुरातत्व विभाग के अध्यक्ष डॉ ओमकार नाथ सिंह ने भी मंदिर परिसर में चल रहे उत्खनन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने टीम में शामिल अधिकारियों को निर्देश दिया कि उत्खनन के दौरान मिले अवशेषों को सुरक्षित रखा जाए । उन्होंने कहा कि खुदाई में जो भी अवशेष मिलेंगे उसे शोध के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से सितंबर तक खुदाई की अनुमति मिली है। तब तक इसका कार्य पूरा कर लिया जाएगा।