संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर। जिले में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग शुरू हो गई है। ऐसे में अभ्यर्थी निशुल्क कोचिंग के लिए संपर्क कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सत्र 2025-26 के लिए यूपीएससी, यूपीपीएससी/एनडीए/सीडीएस/एसएससी सहित अन्य एक दिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग का संचालन लाल बहादुर शास्त्री स्तातकोत्तर महाविद्यालय नियामताबाद में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क योजना के तहत उपर्युक्त परीक्षाओं के लिए पूरे पाठ्यक्रम को अनुभवी विषय विशेषज्ञों के माध्यम से पूरा कराया जाता है।
समय-समय पर जिला स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही स्मार्ट बोर्ड, लाइब्रेरी नियमित टेस्ट, डाउट क्लीयरिंग सेशन आदि के द्वारा नियमित तौर पर मूल्याकंन किया जाता है। नए सत्र के लिए कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है।
ऐसे में परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग के लिए इच्छुक अभ्यर्थी लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय नियामताबाद में संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंंबर-7459066767, 9264940408 पर भी संपर्क किया जा सकता है।