पिछले तीन दिनों से प्रति घंटे दो सेमी की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर रविवार की सुबह से ठहर गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार रविवार के सुबह से शाम आठ बजे तक गंगा का जलस्तर 69.77 मीटर पर ठहरा रहा। बाढ़ का चेतावनी बिंदु 70.26 है, वहीं खतरे का निशन 71.26 मीटर है। खतरनाक बिंदु 71.90 मीटर है। गंगा के जलस्तर बढ़ने से चंदौली के तटवर्ती गांवों के लोगों में दहशत का माहौल था। लेकिन ठहराव से सभी ने राहत की सांस ली है। हालांकि गंगा का जलस्तर आगे बढ़ेगा या फिर घटेगा यह भी कहा नहीं जा सकता है। प्रशासन बाढ़ की आशंका को देखते हुए पूरी तरह से सतर्क है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया गया है वहीं प्रशासनिक अधिकारी लगातार गांवों में दौरा कर निगरानी रखे हुए हैं।