पीडीडीयू नगर। ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मंगलवार को कानपुर सेंट्रल और आगरा कैंट से कोलकाता के लिए एक-एक जोड़ी स्पेशल ट्रेनाें का परिचालन शुरू किया गया। दो ट्रेनों का परिचालन शुरू हाेने से पीडीडीयू जंक्शन से कोलकाता और आगरा व कानपुर जाना आसान होगा।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 04157 कानपुर-कोलकाता एक्सप्रेस 29 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार को कानपुर सेंट्रल से 8 बजे खुलकर 14:15 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से चलकर सासाराम, गया, कोडरमा, पारसनाथ, गोमो, धनबाद होते हुए भोर में 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04158 कोलकाता-कानपुर स्पेशल 30 सितंबर तक प्रत्येक बुधवार को कोलकाता से 7:25 बजे खुलकर शाम 18:30 बजे पीडीडीयू सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन 01:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 01911 आगरा कैंट-कोलकाता एक्सप्रेस 24 सितंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को आगरा कैंट से 3:40 बजे खुलकर 14:15 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से चलकर सासाराम, गया, कोडरमा, धनबाद आद स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09112 कोलकाता-आगरा कैंट स्पेशल 25 सितंबर तक शुक्रवार को कोलकाता से 07:25 बजे खुलकर शाम 18:30 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से चलकर अगले दिन 8 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी।