पीडीडीयू नगर। नवरात्र और दीपावली के समय मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले भक्तों को दिक्कत नहीं होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए धनबाद से जम्मूतवी के बीच स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। यह ट्रेन कोडरमा, गया, पं. दीनदयाल उपाध्याय, वाराणसी, प्रयागराज और दिल्ली के रास्ते सप्ताह में एक दिन एक जनवरी तक चलेगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसपंर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि त्योहारों में ट्रेनों में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए धनबाद और जम्मूतवी के बीच एक स्पेशल ट्रेन 01 जनवरी तक चलाई जाएगी। धनबाद से यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार की सुबह 10.10 बजे खुलकर 10.35 बजे गोमो, 10.50 बजे पारसनाथ, 11.12 बजे हजारीबाग रोड, 11.42 बजे कोडरमा, 13.30 बजे गया, 14.24 बजे अनुग्रह नारायण रोड, 14.40 बजे डेहरी ऑन सोन, 14.54 बजे सासाराम, 15.35 बजे भभुआ रोड होते हुए 17.00 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी।
यहां से चलकर बुधवार की रात 21.30 बजे ट्रेन जम्मूतवी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 01 जनवरी तक प्रत्येक बुधवार को जम्मूतवी से 23.30 बजे खुलकर शुक्रवार को 05.00 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से खुलकर भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गया, गोमो होते हुए दोपहर 14.00 बजे धनबाद पहुंचेगी।