चंदौली। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए अब अधिकारियों की विशेष टीमें बिना किसी पूर्व सूचना के दूर-दराज के स्कूलों में पहुंचकर जांच करेंगी। जांच में शिक्षण कार्य में लापरवाही या शिक्षक के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर हुई बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने कहा कि विद्यालयों की नियमित निगरानी की जाए। विशेष टीमें औचक निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराएंगी, जिससे विद्यालयों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उन्होंने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में सुधार के साथ बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शेष मूलभूत अवस्थापना कार्यों को जल्द पूरा कराने को कहा। डीबीटी के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और ड्रेस की राशि के हस्तांतरण की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करने और सभी निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सीडीओ ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी व्यवस्था समेत सभी जरूरी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा, ताकि छात्राओं को सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सके।सीडीओ ने कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों और शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना होगा। लापरवाही सामने आने पर संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी और अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य मौजूद रहे।