चंदौली। भ्रष्ट और लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ नवागत एसपी आदित्य लांग्हे की ताबड़बोड़ कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। 134 आरक्षियों के तबादले और थाना प्रभारी समेत 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के बाद शुक्रवार को एसपी ने 11 थानों के 42 और पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण कर दिया। जिले में कमान संभालने के पांच दिन बाद ही एसपी आदित्य लांग्हे ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। एक महीने में एसपी ने थानों पर लंबे समय से जमे 176 से ज्यादा पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया है। 31 जुलाई को 134 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया था। इसके बाद कंदवा थाने के प्रभारी निरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। अब शुक्रवार को 11 थानों के 42 और पुलिसकर्मियों का उन्होंने तबादला कर दिया। एसपी रोज रात में सादे भेष में किसी न किसी थाने का औचक निरीक्षक करने पहुंच जाते हैं। इससे रात में थाने के प्रभारी निरीक्षक और पुलिसकर्मी चौकन्ने हो गए हैं।