पीडीडीयू नगर। बारिश के दौरान शुक्रवार को साहूपुरी से चंदासी उपकेंद्र आने वाले 33 हजार वोल्ट के तार के कई इंसुलेटर पंक्चर हो गए, जिससे दोपहर 12.30 से 3 बजे तक पीडीडीयू नगर की बिजली आपूर्ति ठप रही। खेतों में पानी भर जाने से कर्मचारियों को मरम्मत कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ा। चंदासी उपकेंद्र को साहूपुरी उपकेंद्र से बिजली मिलती है। शुक्रवार को दोपहर में 12 बजे के बाद बारिश शुरू हुई तो इसके 15 मिनट बाद ही 33 हजार वोल्ट तार के कई इंसुलेटर पंचर हो गए। इससे चंदासी उपकेंद्र के सभी फीडरों से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब एक बजे के चंदासी उपकेंद्र के एसडीओ मनोज कश्यप ने साहूपुरी उपकेंद्र से शट डाउन लेकर मरम्मत कार्य शुरू कराया। धान के खेतों में पानी भरा होने के कारण फॉल्ट तलाशने में कर्मचारियों को एक घंटे से ज्यादा समय लग गया। करीब तीन बजे मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल की गई। विद्युत वितरण खंड दो के अधिशासी अभियंता सुनील यादव ने बताया कि बारिश की वजह से 33 हजार वोल्ट की लाइन के कुछ इंसुलेटर पंक्चर हो गए थे। पानी भरे खेतों में मरम्मत कार्य के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है।