पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में शनिवार को उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने इमरजेंसी के साथ वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान आरओ खराब मिलने पर उन्होंने सीएमएस उर्मिला सिंह को फटकार लगाते आरओ को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। कहा कि यह घोर लापरवाही है इसमें सुधार लाएं नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है। आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाए जाने संबंधी सवाल का भी कोई जवाब नहीं दिए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि यह प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करें, ताकि जनता का हित हो और सरकार की भी छवि सुधरे। साथ ही उन्होंने टीकाकरण के अलावा ऑक्सीजन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन ने शनिवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि काश उपमुख्यमंत्री ने अगलगी से पीड़ित चंदौली के किसानों व गरीबों के दर्द को भी जाना होता। घटना से कई गरीबों के घर तबाह हो गए लेकिन आज तक उन्हें कोई सरकारी मदद नहीं मिल पाई।
जिनके घर जले उन्हें जिला प्रशासन की ओर से भी कोई मदद नहीं दिया जाना चिंता का विषय है। उप मुख्यमंत्री को उन पीड़ितों का दर्द जानना चाहिए था लेकिन वह उनसे नहीं मिले। पूर्व सांसद ने कहा कि सिर्फ सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास का नारा देती है। भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है।