अतरौलिया। पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को थाना अतरौलिया परिसर में 32 पुलिस आवासों के निर्माण कार्य का शुभारंभ एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर किया।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि करीब 11 करोड़ 48 लाख 94 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इन बी-टाइप आवासों का निर्माण कार्य एके इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया जाएगा। वहीं थाना परिसर की बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के माध्यम से कराया जाएगा। बताया कि थाना अतरौलिया में पुलिसकर्मियों के लिए 32 आवासों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण शुरू करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इन आवासों में दो बेडरूम, ड्राइंग रूम, डाइनिंग रूम, किचन तथा बालकनी की व्यवस्था होगी। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह, थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे, अधिशासी अभियंता कमलेश कुमार मिश्रा, अखंड प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान सोनू सिंह, गणेश दत्त दुबे, देवनारायण मिश्र आदि उपस्थित रहे।