पीडीडीयू नगर। चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने मनरेगा योजना के तहत पिछले पांच साल में कराए गए विकास कार्यों में करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर जांच कराने की मांग की थी। इस पर गृहमंत्री ने सांसद के पत्र का जवाब देते हुए ग्रामीण विकास मंत्रालय से जांच कराने का आश्वासन दिया है।
सकलडीहा, चहनिया और धानापुर ब्लाक में मनरेगा व जिला पंचायत के तहत कराए गए विकास के कार्यों को लेकर लोगों ने सवाल उठाए थे। वहीं, चकिया और शहाबगंज ब्लाक में भी मनरेगा के विकास कार्यों सवाल उठे थे। दिशा की बैठक में सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने यह मुद्दा उठाया था और डीएम को जांच करने को कहा था। इसके बाद सांसद ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर जांच कराने की मांग की। गृहमंत्री ने 26 अक्टूबर को सांसद के पत्र का जवाब भेजते हुए ग्रामीण विकास मंत्रालय से जांच कराने का आश्वासन दिया है।
सपा सांसद वीरेंद्र सिंह का कहना है कि अगर जांच हुई तो बड़े घोटाले का खुलासा होगा। किसी जनप्रतिनिधि ने अपने बेटे के नाम तो किसी ने पत्नी के नाम फर्म बनाकर करोड़ों का भुगतान कराया है। यही नहीं, बिना काम कराए ही उनका भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और ठेकेदारों की सांठगांठ से भ्रष्टाचार हुआ है। इसलिए विकास कार्यों की जांच कराए बिना भुगतान कर दिया गया। मैं तब तक आवाज उठाऊंगा, जब तक मामले की जांच नहीं कराई जाती।