पीडीडीयू नगर। सैयदराजा के नेशनल इंटर कॉलेज परिसर में बने मतगणना स्थल पर एक शिक्षक को अपनी डिग्री का गुणगान करना महंगा पड़ गया। एमएससी और पीएचडी डिग्री के बल पर बिना नंबर की बाइक लेकर बगैर मास्क के घूम रहे शिक्षक का एसपी ने दस हजार रुपये चालान काट दिया। इसको लेकर इलाके में चर्चा होती रही है। एसपी के नेतृत्व में मतगणना स्थल पर बिना मास्क के घूम रहे 12 अन्य लोगों से भी एक एक हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सोमवार की दोपहर में नेशनल इंटर कॉलेज में बने मतगणना स्थल का जायजा लेने पहुंचे। मतगणना कार्य का निरीक्षण करने के बाद बाहर निकले तो लोग बिना मास्क के झुंड बनाकर बैठे दिखे। इस पर एसपी भड़क गए और थानाध्यक्ष को बिना मास्क पहने लोगों का चालान करने का निर्देश दिया। इसी बीच एक व्यक्ति बिना नंबर की बाइक लेकर बगैर मास्क पहने खड़ा दिखा। एसपी ने बाइक चालक को पकड़ लिया और पूछताछ शुरू कर दी। इस पर बाइक चालक ने एसपी पर रौब झाड़ते हुए कहा कि वे इसी कॉलेज के विज्ञान के शिक्षक हैं, आइ एम एमएससी, पीएचडी। यह सुनकर पुलिस कप्तान का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। एसपी ने बिना नंबर की बाइक चलाने पर दस हजार और मास्क न पहनने पर एक हजार रुपये जुर्माना लगा दिया। एसपी के तेवर देख शिक्षक ने चुप्पी साध ली।