नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र कठौड़ी गांव के अखिलेश राव के प्रार्थना पत्र और न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर उक्त गांव के ही निवासी सूरज लाल और उसकी मां उर्मिला देवी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि बेटा सूरज फर्जी तरीके से वाराणसी के दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में माली के पद पर कार्यरत है और उसकी मां पेंशन ले रही है।
अखिलेश ने न्यायालय में बताया कि कठौरी निवासी बिजेंद्र वाराणसी के पं दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में सफाई कर्मचारी था। वह काम छोड़कर घर पर रहने लगा था। उसकी जगह उसका भाई सत्येंद्र कुमार नौकरी करने लगा। इसी बीच सत्येंद्र की मौत हो गई। सत्येंद्र के पुत्र सूरज लाल पर यह आरोप है कि उसने फर्जी मार्कशीट बना ली और मृतक आश्रित कोटे से नौकरी करने लगा और उसकी मां उर्मिला देवी पेंशन ले रही हैं। न्यायालय के आदेश पर विभिन्न धाराओं में एक दिसंबर को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जाएगी।