बाराबंकी के दो तस्कर सब्जी के थैले में सब्जियों के नीचे छिपाकर 50 लाख रुपये की 400 ग्राम हेरोइन वाराणसी सप्लाई करने जा रहे थे। इसके पहले ही पुलिस ने दो तस्करों गांगाराम वर्मा और नीरज वर्मा को पड़ाव चौराहे पर गिरफ्तार कर लिया।
इसकी जानकारी पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रविवार को एएसपी अनंत चंद्रशेखर और सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने दी। एएसपी ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को पड़ाव चौराहे के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद सब्जी के झोले में सब्जियों के नीचे छिपाकर रखी गई 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गंगाराम वर्मा और नीरज वर्मा, निवासी ग्राम नेउला, थाना मसौली, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह खेप बाराबंकी से एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर लाए थे और इसे पड़ाव चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था। बरामदगी में 400 ग्राम हेरोइन के अलावा दो मोबाइल फोन, 240 रुपये नकद और सब्जी का झोला शामिल है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। दोनों के खिलाफ थाना मुगलसराय में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।