पीडीडीयू नगर। चकिया विधानसभा क्षेत्र के नेगुरा-तियरा मार्ग पर नेगुरा गांव के पास क्षतिग्रस्त पुलिया का 61.36 लाख रुपये से नवनिर्माण कराया जाएगा।
इससे करीब 12 गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। ग्रामीणों की मांग पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) निर्माण खंड की ओर से तैयार कार्ययोजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। विभाग ने टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
चंदौली को नेगुरा, तियरा, मसौनी, गोरारी और भटरौली होते हुए चकिया से जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। रखरखाव के अभाव में इसकी साइडवॉल टूट गई है।
इससे पुलिया से गुजरने वाले राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है। बरसात के दिनों में सड़क पर फिसलन होने से जोखिम और बढ़ जाता है। इस मार्ग से छात्र, मरीज, व्यापारी और किसान नियमित आवागमन करते हैं।
कई सरकारी और निजी स्कूलों की बसें भी पुलिया से होकर गुजरती हैं। मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने में भी इस मार्ग की अहम भूमिका है। वहीं, किसान कृषि उपकरण और उपज लेकर इसी रास्ते से आते-जाते हैं।
पुलिया से नेगुरा, मसौनी, मैनीकोट, खुरुहजा, भट्टपुरवा और पैतुआ समेत आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन होता है। पुलिया की जर्जर स्थिति को देखते हुए ग्रामीण लंबे समय से इसके पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। अब शासन से मंजूरी मिलने के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।