यात्रा के दौरान किसी तरह का विवाद, सामान चोरी होने, ट्रेन में सामान छूट जाने सहित प्रतिदिन डीडीयू मंडल में चार से पांच शिकायतें आती हैं। इस तरह एक वर्ष में डेढ़ हजार से अधिक शिकायतें मिली हैं।
रेल मदद एप, ट्वीटर के साथ 139 नंबर पर मिली शिकायतों के आधार पर अधिकारी इसका समाधान कराते हैं। इस वर्ष मिलने वाली अधिकृत शिकायतों में सामान ट्रेन में सामान छूट जाने, ट्रेन में सोशल डिस्टेसिंग का पालन न होने, सीट पर दूसरे का कब्जा आदि की अधिक शिकायतें मिली हैं।
अजीब शिकायतों से परेशानी भी
पीडीडीयू नगर। सुविधाओं के साथ यात्री अजीबोगरीब शिकायत करने से भी नहीं चूकते हैं। चप्पल खोने पर शिकायत तो एक बानगी है, कुछ माह पहले एक यात्री ने दूसरे बोगी में बैठी पत्नी से बात न होने पर इसकी शिकायत ट्वीटर पर रेल मंत्रालय से कर दी थी। इसके बाद स्थानीय स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों ने अपने फोन से यात्री की पत्नी से बात कराई।
शिकायतों पर हुई है बड़ी कार्रवाई
ट्रेन में यात्रा के दौरान आपात कालीन नंबर पर शिकायतों के आधार पर स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई भी हुई है। माह के भीतर राजधानी एक्सप्रेस में छेड़खानी की घटनाओं में शिकायतों के आधार पर आरोपियों को यहां गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह शुक्रवार को असोम के कामाख्या से आनंद विहार जा रही कामाख्या आनंद विहार एक्सप्रेस में किशोरी को बहला फुसला कर ले जाने की ट्वीटर पर शिकायत के बाद स्थानीय रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त अभियान चलाकर किशोरी को बरामद कर लिया।
यात्रियों की सहायता के लिए कई हेल्पलाइन नंबर दिए गए हैं। इस पर मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जाती है। स्टेशन पर ओवरचार्जिंग की शिकायत, गंदगी की शिकायत अथवा यात्रा के दौरान किसी तरह की समस्या हो समाधान करने का प्रयास किया जाता है।
- इकबाल अहमद, मंडल वाणिज्य प्रबंधक, डीडीयू मंडल