पुलिस की तमाम सख्ती के बाद कई दुकानदार मनमाने तरीके से दुकानों को खोल ले रहे है। शुक्रवार को मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने दो स्वर्ण व्यवसायियों समेत कई दुकानदारों का चालान किया। इस दौरान पुलिस ने दस हजार रुपये चालान के रुप में वसूल किये।
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिले में 24 मई तक कोरोना कर्फ्यू की घोषणा जिला प्रशासन की ओर से की गई है। पुलिस की सख्ती के बाद भी नगर में के विभिन्न क्षेत्रों में गुपचुप तरीके से व्यवसायी दुकानों के भीतर ग्राहकों को भरकर शटर गिराकर बिक्री कर रहे हैं। सबसे अधिक अधिक धर्मशाला रोड, परमार कटरा, जीटी रोड स्थित काली मंदिर के पीछे स्थित दुकानों में ग्राहकों दुकानों के भीतर भरकर शटर गिराने के बाद दुकानदारी की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार को सूचना मिली की परमार कटरा स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी द्वारा ग्राहकों को दुकान के भीतर करके सामान बेचा जा रहा है। जिस पर एसआई सुनील मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। इसके बाद दुकान का शटर उठवा कर ग्राहकों को दुकान से बाहर निकलवाया बाद में दुकानदार का चालान किया। इसके बाद उन्होंने सुभाष पार्क के पास स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी का भी चालान किया। पुलिस ने कोविड गाइड लाइन का पालन नहीं करने पर अन्य दुकानदारों का भी चालान किया। इस दौरान दस हजार रुपये चालान के रुपये में वसूले गये।