पीडीडीयू नगर। भीषण गर्मी और लू के थपेड़े जानलेवा साबित हो रहे हैं। रविवार की रात और सोमवार को जिले में सात लोगों की मौत हो गई। आशंका है कि सभी की मौत लू लगने से हुई है। मरने वालों में तीन लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने सभी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीडीडीयू नगर के परमार कटरा के सामने सोमवार को सुबह दुकान के पास एक व्यक्ति बेहोश पड़ा था। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। वह नीले रंग की शर्ट पहनी थी। उसके पास एक झोला, एक आम और पानी की बोतल पड़ी थी। इससे लग रहा है कि वह बाहर से आया था। इसी तरह मुगलसराय कोतवाली के पड़ाव में दोपहर में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी आयु 50 से 55 वर्ष बताई गई लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। उसकी टीशर्ट पर देश नहीं मिटने नहीं देंगे लिखा था। इसके पहले रविवार की शाम चंदासी मंडी में ट्रक चालक की मौत हो गई। उसकी शिनाख्त सुख पाल सिंह (55) निवासी मल्लन, थाना गंगसर जैतो मंडी, जिला फरीदपुर, पंजाब के रूप में हुई। इसी तरह चकरघट्टा थाना क्षेत्र के लालतापुर गांव के कमला यादव (58) सोमवार को साइकिल से दवा लेने नौगढ़ गए थे। दोपहर 3 बजे घर लौटते समय जयमोहनी रेंज कार्यालय के सामने वह गिर पड़े और मौके पर मौत हो गई।चकिया संवाददाता के अनुसार जमुआ गांव निवासी घूरे प्रसाद बिंद (70) की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें लेकर जिला संयुक्त अस्पताल पहुंचे। इलाज शुरू होने के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। इसी तरह शहाबगंज थाना क्षेत्र की तकिया पर गांव निवासी सुरेंद्र (35) को तबीयत बिगड़ने पर जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिवार वालों ने लू से मौत की आशंका जताई है। धीना संवाददाता के अनुसार रविवार को क्षेत्र के नूरी गांव निवासी रमेश उपाध्याय का पंपिंग सेट गांव के सामने रेलवे लाइन के पास स्थित है। रविवार को रमेश के परिजन पंपिंग सेट पर पहुंचे तो वहां पेड़ के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई।
इनसेट-
अधिकतम 46 और न्यूनतम तापमान रहा 34 डिग्री
पीडीडीयू नगर। जिले में गर्मी का प्रकोप कम नहीं हो रहा। तेज धूप और लू से हर कोई बेहाल है। सोमवार को भी अधिकतम तापमान 46 और न्यूनतम 33 डिग्री सेल्सियस बना रहा। वहीं मौसम विभाग ने 20 जून तक हीट वेब का अलर्ट जारी किया है।
इस बार जिले में तापमान रिकार्ड तोड़ने में लगा हुआ है। चंदौली में मई के अंतिम सप्ताह से तापमान ने छलांग लगाई तो फिर बढ़ता ही गया। 28 और 29 मई को अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया था। उसके बाद मौसम बदलने से पांच जून तक तापमान 45 डिग्री से भी नीचे आग गया था। छह जून को अधिकतम तापमान फिर बढ़कर 46 डिग्री हुआ जो 12 जून तक इसी स्थिति में लगातार बरकरार रहा। इसके बाद 13 जून को तापमान 47 डिग्री पहुंचने से हालात और भयावह हो गए। 15 जून तक अधिकतम तापमान 47 और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा। आसमान से आग बरसने और गर्म हवाओं के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल है। रविवार को एक डिग्री कम होकर अधिकतम तापमान 46 और न्यूनतम 33 डिग्री पहुंच गया लेकिन गर्मी जस की तस बनी हुई है। सोमवार को भी यही स्थिति रही। राज्य मौसम विभाग ने 20 जून तक हीट वेब का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को धूप में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। मौसम विज्ञानी अतुल सिंह ने बताया कि 20 जून के बाद मानसून आने की संभावना है।