मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के करवत गांव के समीप जीटी रोड पर मंगलवार की
सुबह छह बजे खड़े ट्रक में वाराणसी से मुगलसराय जा रहा सवारियों से भरा
विक्रम भिड़ गया।
जिससे उसमें सवार छह लोग घायल हो गए। शोर सुनकर
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी चिकित्सालय पहुंचाया। जहां
तीन घायलों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू वाराणसी के लिए
रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विक्रम में 12 सवारियां बैठी
हुई थीं।
घटना के बाद विक्रम चालक भाग गया। पुलिस वाहन को जलीलपुर पुलिस
चौकी ले गई।
मंगलवार की सुबह वाराणसी से सवारी लेकर एक विक्रम मुगलसराय
जा रहा था।
करवत के समीप पहुंचते ही तेज रफ्तार विक्रम पहले एक ट्रक को
ओवरटेक कर जैसे ही आगे बढ़ा कि अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा भिड़ा।
जिससे उसमें सवार वाराणसी के भोकरी निवासी हरिप्रसाद जायसवाल (60), वाराणसी
के मछोदरी निवासी सुदामा जायसवाल (30) और हरिशंकर प्रसाद गुप्ता (40),
दिलदार नगर गाजीपुर निवासी श्यामनारायण (40), रमेश (32), और शिवकुमार (38)
घायल हो गए। लोगों ने घायलों को चिकित्सालय में पहुंचाया। जहां सुदामा,
हरिशंकर और श्यामनारायण को चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया।