अढ़तिया मुनीब यादव अपहरण कांड सहित लूट की कई घटनाओं में शामिल छह बदमाशों
को शनिवार की देर रात जनपद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया।
इसके
लिए चार थानों की पुलिस व क्राइम ब्रांच ने धानापुर थाना क्षेत्र स्थित
सिहावल-खड़ान मार्ग स्थित पुलिया के पास घेरेबंदी कर रखी थी। आईजी ने पुलिस
टीम को 15 हजार, डीआईजी ने 12 हजार व पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार रुपये
पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस लाइन कार्यालय में रविवार की शाम
एसपी मुनिराज जी ने बताया कि धानापुर थाना क्षेत्र के रमरजायपुर से अपहृत
मुनीब यादव, अलीनगर व धीना थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं का पर्दाफाश
करने के लिए थाना प्रभारियों की एक टीम को लगाया गया था।
पुलिस को
शनिवार की रात सूचना मिली कि बदमाश किसी घटना को अंजाम देने के लिए
सिहावल-खड़ान मार्ग से जाने वाले हैं। इस पर धानापुर, सकलडीहा, चंदौली व
अलीनगर थानों की पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम के साथ घेरेबंदी कर ली। इसी
बीच कई लोग बाइक पर आते दिखे।
पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो युवकों ने
फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद छह बदमाशों को पकड़ लिया,
वहीं तीन बदमाश मौके से भाग निकले।
पकड़े गए बदमाशों में बलुआ थाना क्षेत्र
के सहेपुर निवासी अखिलेश भूषण, बलुआ थाना क्षेत्र के कैथी निवासी विजय
शंकर चौबे, धीना थाना क्षेत्र के बभनियांव निवासी सतीश कुमार सिंह, आजमगढ़
जनपद के मोहनाजपुर थाना क्षेत्र के चिलबिला निवासी मनिराज, जौनपुर के
बदलापुर थाना क्षेत्र के दुगौली खुर्द निवासी राहुल सिंह तथा बिहार के
कैमूर जिला अंतर्गत रामगढ़ थाना क्षेत्र के सांगापुर निवासी दीपक यादव
शामिल हैं।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से फिरौती का तीन लाख रुपये,
लूट का 14 हजार पांच सौ रुपये, दो मोबाइल, नाइन एमएम की एक पिस्टल, 315 बोर
का तीन तमंचा, 12 बोर के दो तमंचे तथा आठ जिंदा कारतूस तथा छह खोखा बरामद
किया।
एसपी मुनिराज जी ने बताया कि बदमाशों ने अढतिया के अपहरण तथा लूट की
कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।