पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र की सिकटिया पुलिस चौकी का संचालन सोमवार से शुरू हो जाएगा। इसके लिए रविवार को एक दरोगा और तीन सिपाहियों की तैनाती कर दी गई है। वहीं, लौंदा में निर्माणाधीन पुलिस चौकी की छत की ढलाई तीन दिनों के अंदर कराई जाएगी। अमर उजाला के रविवार के अंक में दोनों चौकियों का तीन साल बाद भी संचालन न होने की खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस विभाग हरकत में आया। साथ ही एक पुलिस चौकी का संचालन शुरू करने और पुलिसकर्मियों की तैनाती का आदेश जारी कर दिया गया।
दरअसल अलीनगर थाना क्षेत्र के सिकटिया चौराहे पर 13 नवंबर 2021 को हुई 19 वर्षीय विशाल पासवान की हत्या के बाद लोगों की मांग पर 14 नवंबर 2023 को तत्कालीन सीओ अनिरुद्ध सिंह ने पुलिस चौकी भवन का शिलान्यास किया था। इसके बाद भवन का निर्माण कार्य शुरू कराया गया और भवन बनकर तैयार हो गया। इसके बावजूद चौकी का संचालन शुरू नहीं किया जा सका था।
वहीं अलीनगर थाना क्षेत्र की लौंदा पुलिस चौकी वर्ष 2006 से प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे में चल रही है। इसका भी 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन सीओ अनिरुद्ध सिंह ने शिलान्यास किया था लेकिन उसके बाद काम रुक गया। निर्माणाधीन भवन में अब गांव के लोग गाय-भैंस बांध रहे हैं। अमर उजाला के 30 अगस्त के अंक में 'पुलिस चौकी में मवेशी, स्कूल में बैठ रहे पुलिसकर्मी, 3 साल बाद भी दो चौकियों का नहीं हो सका संचालन' शीर्षक से इसकी खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई।
इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। पीडीडीयू नगर के सीओ अरुण सिंह ने बताया कि सिकटिया पुलिस चौकी के लिए दरोगा अमित सेन सिंह, सिपाही शैलेंद्र यादव, इंद्रजीत यादव सहित चार पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। सोमवार से इसका पूरी तरह से संचालन शुरू हो जाएगा।