पीडीडीयू नगर। मीटर रीडर द्वारा रीडिंग न करने पर उपभोक्ता अब स्वयं अपने मीटर की रीडिंग की वीडियो रिकार्डिंग लेकर बिलिंग काउंटर पर बिजली बिल जमा कर सकते हैं। चंदौली में भी यह व्यवस्था लागू हो गई है।
पॉवर कारपोरेशन के चेयरमैन एम देवराज ने एमडी पॉवर कारपोरेशन से इसे गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। वहीं यूपीपीसीएल के निदेशक (कामर्शियल) अमित कुमार श्रीवास्तव ने सभी बिजली कंपनियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। कहा है कि रीडिंग स्वयं दिए जाने पर काउंटर पर तैनात कार्मिक द्वारा बिल बनाने से मना किया जाना नियमों के विपरीत है। ऐसे में सभी प्रबंध निदेशक व अभियंता अधिकारी यह सुनिश्चित कराएं कि उपभोक्ता द्वारा स्वयं रीडिंग दिए जाने पर नियामक आयोग द्वारा जारी प्रावधानों के तहत उनका बिल बनवा कर तत्काल जमा कराया जाए।
इस संबंध में चंदौली के अधीक्षण अभियंता ऐके श्रीवास्तव ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए निगम की ओर से यह फैसला किया गया है। इसको जिले में भी लागू कर दिया गया है। इस योजना से उन उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा जिनके मीटर की रीडिंग नियमित नहीं हो पाती है। हालांकि मीटर रीडर अपना कार्य पूर्ववत करते रहेंगे। इस संबंध में सभी एक्सईएन और एसडीओ को निर्देश दे दिया गया है।