चंदौली। कोरोना वायरस और लाकडाउन के चलते जिला मुख्यालय की दुकानें अब सुबह सात बजे से दिन के एक बजे तक खुलेंगी। बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर विजय नारायण सिंह ने सदर कोतवाली में मुख्यालय के व्यापारियों की बैठक बुलाई। इस दौरान एसडीएम ने बाजार में सोशल डिस्टेंस के नियमों का पालन नहीं होने पर चिंता जताई। कहा कि बाजार में जगह-जगह भीड़ दिख रही है, जो सभी के लिए खतरनाक है। व्यापारियों को दी गई ढिल में सोशल डिस्टेंस के नियमों पर जोर दिय ा गया था, लेकिन इसका पालन होता नहीं दिख रहा है। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि यदि नियमों का पालन नहीं होगा तो बाजार खोलने की दी गई सशर्त छूट को वापस ले लिया जाएगा। व्यापारी हर हाल में अपने दुकान एवं प्रतिष्ठा पर सोशल डिस्टेंस के नियमों काव पालन करना सुनिश्चित करें। एसडीएम व कोतवाल गोपाल जी गुप्ता ने भीड़ को देखते हुए दुकानों को रोस्टरवार खोलने का सुझाव रखा, लेकिन व्यापारी नहीं माने। अंत में व्यापारियों से सलाह-मशविरा के बाद तय हुआ कि चंदौली बाजार में सभी दुकानें सुबह सात से दोपहर एक बजे तक खोली जाएंगी। साथ ही दुकान पर सोशल डिस्टेंस के नियमों का हर हाल में पालन कराया जाएगा। इस मौके पर चेयरमैन रवींद्रनाथ, ईओ राजेंद्र प्रसाद, नारायण दास जायसवाल, पवन सेठ, अर्जुन अग्रहरि, संदीप अग्रहरि, अशोक साव, हरिश्चंद्र अग्रहरि, कन्हैया मोदनवाल रहे।