पीडीडीयू नगर। लॉकडाउन के चौथे चरण में जिला प्रशासन के निर्देश के बाद बृहस्पतिवार को नगर समेत जिलेभर में मिठाईयों की दुकानें सहित अन्य प्रतिष्ठान खुल गए। जहां मिठाई लेने वालों की भीड़ लगी रही। इस दौरान बाजार की अन्य दुकानें भी खुली रही। दुुकानें खुलने से बाजार में आवागमन रोज की अपेक्षा अधिक रहा। वहीं पुलिस सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए लगातार लोगों को सचेत करती रही।
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देेश में 25 मार्च से लॉकडाउन किया गया है। पहली बार 21 दिन के लिए लॉकडाउन किया गया था। समीक्षा के बाद निर्धारित अवधि के लिए इसे बढ़ाया गया। 18 मई से लॉकडाउन का चौथा चरण शुरू हुआ। इस चरण के शुरूआत के बाद जिलाधिकारी ने समीक्षा के बाद जिले दुकानों के खोले जाने व बंद होने के समयावधि तय की गई साथ ही रोस्टर लागू किया गया जो कि 31 मई तक वैध रहेगा। चौथे चरण में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने जिले में मिठाईयों की दुकानें खोलने की इजाजत दी गई। जहां बृहस्पतिवार को पीडीडीयू नगर समेत जिलेभर में मिठाई की दुकानें खुल गईं। इस दौरान अन्य दुकानें भी खुली रही। जिससे बाजार में चहल-पहल बढ़ गई। दिनभर वाहनों की आवाजाही भी लगी रही। लोग दो व चार पहिया वाहनों से बाजार में खरीदारी के लिए आते रहे।
पीडीडीयू नगर। लॉकडाउन के चौथे चरण में जिलाधिकारी की ओर से दुकानें खोलने की छूट देते ही बाजार में भीड़ लग गई। इस दौरान सोशल डस्टिेंसिंग की धज्जियां उड़ती रही। इस दौरान धर्मशाला रोड पर अधिक भीड़ दिखाई दी। यहां कोई भी व्यक्ति दो गज की दूरी नहीं रख पाया। लोग दुकानों पर सामान खरीदते समय नियमों के पालन करने के प्रति सुस्त नजर आए। संवाद
पहली बार जब लॉकडाउन लागू हुआ था तो उस दौरान बनीं हुई मिठाईयों को फेंकना पड़ गया था। परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। अब थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन काफी दिनों बाद दुकान खुलने से ग्राहकों की भीड़ कम है - सूरज मौर्य, मिठाई विक्रेता
2. मिठाई की दुकानें खुलने से राहत है। पहले दिन मिठाईयां कम बनाई गई है वहीं ग्राहक भी काफी कम आए है। लोगों से सोशल डिस्टेंस पालन के लिए अपील भी की जा रही है। इसके लिए दुुकान के बाहर गोला बनाया गया है। - रामसूरत मिठाई विक्रेता
3. लॉकडाउन के कारण काफी नुकसान हुआ था। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद दुकानें तो खोल दी गई है लेकिन अभी मिठाईयों की कम वेरायटी की बनाई जाएंगी। ग्राहक भी अभी कम आ रहे हैं। ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी तभी बाजार में रौनक आएगी- देश दीप मित्तल
4. मिठाईयों की दुकानें खुलने के कारण उससे जुड़े दूधियों को भी राहत मिलेगी। वहीं काफी दिनों तक दुकान बंद होने से आर्थिक नुकसान हुआ है। रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न होने लगा था। व्यवस्था को पटरी पर आने में समय लगेगा। शंकर लाल
सकलडीहा। लॉकडाउन के चौथे चरण में जिला प्रशासन द्वारा दुकान खोलने व बंद करने की नई गाइड लाइन जारी की गई है। बृहस्पतिवार को व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने सीओ जगत कन्नौजिया संग कोतवाली में बैठक की। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से जारी गाइड लाइन का पालन कराने की मांग की।
जिला प्रशासन ने बुधवार को लॉकडाउन के चौथे चरण में दुकानों को खोलने व बंद करने की नई गाइड लाइन जारी की है। इसको लेकर कोतवाली में व्यापारियों ने सीओ संग बैठक की। इसमें व्यापारियों ने कहा कि कुछ लोगों को अतिरिक्त छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदारों एक सामान छूट दी जानी चाहिए । सीओ ने बताया कि गाइड लाइन के हिसाब से ही सभी दुकानें खोली व बंद की जाएंगी। किसी को अतिरिक्त छूट का लाभ नहीं दिया जायेगा। दुकानें खोले जाने के दौरान सभी को सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन करना होगा। इस मौके पर कोतवाल सतेंद्र यादव सहित व्यापारी अच्छेलाल, सत्यप्रकाश गुप्त, केके सोनी, जीयूत गुप्ता, गोपाल जायसवाल, विवेक जायसवाल, दीपक सेठ, दिलीप गुप्ता मौजूद रहे।