जिले के बलुआ व धानापुर थाना क्षेत्र में स्थित दो बैंक शाखाओं में गत
दिनों हुई चोरी का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर सात लोगों को गिरफ्तार
किया है।
बलुआ थाना व क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार की रात बलुआ
थाना क्षेत्र के बैराठ गांव स्थित प्राइमरी पाठशाला में चोरी की योजना
बना रहे सात चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने दोनों बैंकों में चोरी
करने के साथ ही सकलडीहा बाजार स्थित सराफा की दूकान में चोरी की घटना को
अंजाम देने की बात स्वीकार की।
तलाशी के दौरान उनके पास से सवा किलो चांदी,
पासबुक व चेकबुक के अलावा कंप्यूटर के पार्ट बरामद हुए हैं।
पुलिस
लाइन कार्यालय में बुधवार को घटना की जानकारी देते हुए एसपी अमित वर्मा ने
बताया कि बलुआ थाना क्षेत्र के रामगढ़ स्थित यूबीआई व धानापुर थाना क्षेत्र
के आवाजापुर स्थित काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक में गत दिनों सेंध लगाकर
की गई चोरी में सभी आरोपी शामिल थे।
इसके अतिरिक्त चोरों ने सकलडीहा बाजार
स्थित सराफा की दूकान का शटर तोड़कर आभूषण चुराया था। इन घटनाओं का
पर्दाफाश करने के लिए अलग-अलग पुलिस टीम गठित की गई थी।
मंगलवार की रात
सूचना प्राप्त हुई कि कुछ चोर बैराठ स्थित प्राइमरी पाठशाला परिसर में
चोरी की योजना बनाने के लिए जुटे हैं। इसके बाद बलुआ पुलिस व क्राइम
ब्रांच की संयुक्त टीम ने दबिश देकर सभी सात चोरों को पकड़ लिया।
इस
दौरान उनके पास से चोरी का कंप्यूटर मानिटर, स्कैनर, प्रिंटर, चेकबुक व
पासबुक के अतिरिक्त चोरी का एक किलो 800 ग्राम चांदी बरामद हुआ।
पुलिस ने
पकड़े गए आरोपी रवि यादव, अयान हैदर, संजय पासवान, मुहम्मद मेराज, पिंकू
चौहान, मुन्ने बाबू को जेल भेज दिया। साथ ही एसपी ने मामले का पर्दाफाश
करने वाली टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की।