चकिया। अवैध ढंग से संचालित होने वाले निजी चिकित्सालयों व पैथोलॉजी सेंटरों पर बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी ज्वाला प्रसाद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम ने छापा मारी । इस दौरान क्षेत्र के सिकंदरपुर में संचालित मां भगवती हॉस्पिटल के रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण नहीं होने पर उसे सीज कर दिया गया। वही नगर स्थित न्यू ग्लोबल पैथोलॉजी सेंटर को नोटिस दिया गया।
उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉक्टर अनूप कुमार व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. विकास सिन्हा की टीम ने सिकंदरपुर स्थित मां भगवती हास्पिटल का निरीक्षण किया। जहां हॉस्पिटल का नवीनीकरण नहीं पाए जाने पर मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर हास्पिटल सीज कर दिया गया। नोटिस चस्पा करते हुए अधिकारियों ने निर्देश दिया कि नवीनीकरण पूर्ण नहीं होने तक चिकित्सकीय परामर्शदाता स्वास्थ्य परामर्श देते पकड़े गये तो कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम ने नगर स्थित न्यू ग्लोबल पैथोलॉजी सेंटर पर पहुंची। जहां अल्ट्रासाउंड में चिकित्सक की अनुपस्थिति और अभिलेखों की जांच में भी कमी पाए जाने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। उप जिलाधिकारी ज्वाला प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों व पैथोलॉजी सेंटर के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।