चंदौली। कोविड-19 टीकाकरण के महाअभियान की शुरुआत हो गई है। शनिवार को जिले के चार केंद्रों पर 400 की अपेक्षा 287 लोगों को टीका लगाया गया। बाकी बचे लोगों को टीका की अगली खुराक के लिए 15 फरवरी की तारीख दी गई है। इसके लिए उनके मोबाइल पर मैसेज भी आएगा।
जिले में शनिवार को शुरू हुये टीकाकरण अभियान के दिन कई ऐसे लोग भी रहे जिनका नाम कोविन पोर्टल पर पंजीकृत था लेकिन वह टीकाकरण के समय नहीं आए। अनुपस्थित लोगों की अब एक अलग सूची तैयार होगी। इन लोगों को टीकाकरण के लिए अलग से समय दिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर के मिश्रा ने बताया कि जनपद में कोरोना को मात देने के लिए वैक्सीन की पहली खुराक जिले को मिली हैं। शनिवार को जनपद के नियमताबाद, बरहनी, शहाबगंज और चंदौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नोडल अधिकारियों और पर्यवेक्षकों के देखरेख में टीकाकरण किया गया 400 के साथ 287 लोगों ने टीका का टीकाकरण हुआ। कोल्ड चेन के मानकों को पूर्ण करते हुये यह वैक्सीन जिले में आई है। जिन लोगों को शनिवार को पहली खुराक दी गई है उन्हें दूसरी खुुराक 28वें दिन दी जाएगी।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रशासन/कोविड नोडल अधिकारी डॉ डी.के. सिंह ने कहा कि कोई व्यक्ति बिना पंजीकरण के कोरोना वैक्सीन नहीं प्राप्त कर सकता है। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण के बाद ही सत्र स्थल और समय की जानकारी दी जाएगी। फोटो आईडी, पंजीकरण और सत्यापन दोनों के लिए जरूरी है। आनलाइन पंजीकरण के बाद लाभार्थी को वैक्सीनेशन की नियत तिथि, स्थान और समय के बारे में मोबाइल पर एसएमएएस प्राप्त होगा। कोरोना वैक्सीन की उचित खुराक मिलने पर लाभार्थी को उनके मोबाइल नंबर पर एक क्यूआर कोड आधारित प्रमाण पत्र भी भेजा जायेगा।