पीडीडीयू नगर। तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर पुनालुर मदुरै एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने से दस लोगों की मौत और बीस लोगों के जख्मी होने सूचना के बाद रेल प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल ने डॉग स्क्वॉयड के साथ ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थों की तलाश ली।
ट्रेनों में रसोई गैस सिलिंडर, पेट्रोल, डीजल, केरोसिन आदि ज्वलनशील पदार्थ के साथ स्टोव आदि लेकर यात्रा करना दंडनीय अपराध है। बावजूद इसके लोग नियमों की अनदेखी करते हुए ट्रेनों में प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर यात्रा करते हैं। इसी लापरवाही के कारण तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर पुनालुर मदुरै एक्सप्रेस के एक कोच में शनिवार की सुबह यात्री रसोई गैस पर कॉफी बना रहे थे। इसके चलते आग लग गई। इस घटना के बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल में भी सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को सीएसजी एनके मिश्र, डिप्टी एसएस वाणिज्य सन्नी मिश्र के साथ आरपीएफ निरीक्षक पीके रावत के नेतृत्व में एसआई आरएन राम, गौतम सिंह, एएसआई एसबी सिंह की टीम ने डॉग स्क्वॉयड के साथ श्रमजीवी, लोकमान्य तिलक, पटना कोटा, सिकंदराबाद एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस, जलियावाला बाग एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों में पैंट्रीकार, एसी और स्लीपर कोच में पड़ताल की।
यात्रियों को ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करने और यदि कोई यात्रा करता दिखे तो सुरक्षा बलों को सूचना देने अथवा निशुल्क यात्री सहायता 139 नंबर पर फोन करने को कहा।