धीना के भैसा खुर्द गांव में कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद की गई बैरिकेडिंग।
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर बुधवार को हाटस्पाट एरिया को सील करने की कार्यवाही पूरे दिन चली। इस दौरान एसडीएम सदर विजय नारायण सिंह समेत कोतवाल गोपाल जी गुप्ता ने हाटस्पाट इलाके में गश्त किया और सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व कर्मियों के साथ-साथ नगर पंचायत कर्मी मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले ने स्थानीय लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की। साथ ही चेताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा। विदित हो कि गांधीनगर में एक युवक कोविड-19 पाजिटिव पाया गया, जिसे देखते हुए प्रशासन ने 200 मीटर के दायरे में पूरे इलाके को सील करने की कार्यवाही अमल में लायी। इस कड़ी में जगह-जगह बांस-बल्ली लाकर रास्तों को सील किया गया। साथ ही दुकानों व मकानों को सेनेटाइजर करने का भी काम चला। एसडीएम सदर ने बताया कि दूध, राशन के अलावा फल-सब्जी वितरित करने के लिए कुल 18 लोग लगाए गए हैं। अधिकृत वेंडर के अलावा कोई भी व्यक्ति हाटस्पाट इलाके में आवश्यक वस्तुओं की डिलीवरी नहीं कर पाएगा। साथ ही दो वाहनों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र के जरिए सूचना का प्रसारण नियमित रूप से होगा। कोतवाल गोपाल जी गुप्ता ने कहा कि बृहस्पतिवार से हाटस्पाट एरिया में विशेष सख्ती रहेगी। इस दौरान घरों से बाहर निकलकर तफरी करने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आया जाएगा। साथ ही अंदर-बाहर जाने पर भी पूरा प्रतिबंध रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों से जुर्माना वसूल करने के साथ-साथ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा भी पंजीकृत किया जाएगा। बताया कि 12 पुलिस कर्मियों को हाटस्पाट एरिया में तैनात किया गया है।