पीडीडीयू नगर। किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए बुधवार को जिले के किसानों के साथ भाजपा किसान मोर्चा की वर्चुअल सभा हुई। वर्चुअल सभा के माध्यम से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पार्टी नेताओं एवं किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा। केंद्र और प्रदेश सरकार उनकी मेहनत को बेकार नहीं जाने देगी। उन्होंने कहा कि वन नेशन-वन प्राइज के फार्मूले से किसान देश में कहीं भी अपनी उपज बेच सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्चुअल सभा के माध्यम से किसानों से भी वार्ता की और किसानों को भरोसा दिलाया कि उन्हें अपनी फसल लेकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। साथ ही कोरोन से बचाव के लिए जिले के लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और मास्क लगाने की अपील की। इससे पहले सभा के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री लखन सिंह राजपूत ने किसानों का हौशला बढ़ाया। कहा कि किसानों को अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। वर्चुअल सभा के कमिश्नरी प्रभारी एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने चंदौली सहित मंडल के किसानों की समस्याओं से अपने शीर्ष नेताओं से अवगत कराया। द्वय मंत्रियों ने भरोसा दिलाया कि किसानों की समस्यओं का समाधान होगा। उन्हें परेशान न होना पड़े इसी उद्देश्य से वन नेशन वन प्राइज को लागू किया गया है। वर्चुअल सभा की अध्यक्षता प्रेम नारायण सिंह, संचालन योगेंद्र मिश्रा ने किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिह, उदय प्रताप सिंह, विपुल राय, शिवश्याम पांडेय, रामध्वजा सिंह, देवेश पांडेय, जगत नारायण तिवारी, रमेश, हरीश, रामजिहल मौजूद थे।