नौगढ। कोरोना के कहर को देखते हुए लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी एसडीएम व सीओ नक्सल पुलिसकर्मियों के साथ सड़कों पर उतरे। उन्होंने सड़कों पर घूम रहे दो व चार पहिया वाहनों की चेकिंग की और बिना किसी काम के घर से निकलने व मास्क न पहनने वालों के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी। पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई का असर दिखा और बिना कार्य घूमने वाले लोग अपने-अपने घरों में चले गए। वहीं, बाजार पूरी तरह बंद रहे जबकि आवश्यक सेवाएं जारी रहीं। इस दौरान एसडीएम व सीओ के निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने अनावश्यक व बिना मास्क पहने घूम रहे लोगों का चालान भी काटा। सीओ नक्सल ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू में आवश्यक सेवाएं जारी हैं। दूध, सब्जी, फल, राशन व दवा आदि की दुकानें निर्धारित समय के अनुसार खुल रही है।