पीडीडीयू नगर। लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पं. पारसनाथ तिवारी नवीन परिसर में शनिवार को बीएड के स्काउट गाइड के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्काउट गाइड विपरीत परिस्थितियों से सामना करने की शक्ति देता है।
मुख्य अतिथि राजेश कुमार तिवारी और अध्यक्ष प्रो. उदयन मिश्र ने मां सरस्वती, पं पारसनाथ तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि छात्र छात्राएं प्रायः सामाजिक जीवन से अनभिज्ञ रहते हैं और जीवन उपयोगी कलाओं को भी नही सीख पाते हैं,यही कारण है कि जब भी विपरीत परिस्थितियां आती हैं तो उनका दृढ़तापूर्वक सामना करने में कठिनाई होती हैं। इस कार्य के लिए स्काउट गाइड संगठन एक सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
प्रो. उदयन मिश्रा ने कहा कि स्काउट गाइड के माध्यम से राष्ट्र भक्ति की भावना का विकास होता है, स्काउटिंग मानव जाति की सेवा और प्रकृति के संरक्षण के लिए एक प्रकार से एक स्वैच्छिक आंदोलन है। डा. ब्रजेश ने कहा कि औपचारिक रूप से स्काउट बाएं हाथ से अभिवादन करते हैं क्योंकि बाएं हाथ हृदय के निकट होता है।
इस अवसर पर बीएड के छात्र छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम की मोहक प्रस्तुति की गई। इस अवसर पर प्रो. अरुण, प्रो. अमित, प्रो. अजीत, प्रो. राजीव,डा भावना, डाॅ. कामेश, आदि लोग उपस्थित रहे। स्वागत डाॅ. पंकज कुमार व धन्यवाद ज्ञापन प्रो धनंजय राय ने किया। संचालन स्काउट प्रशिक्षक महेन्द्र ने किया।