जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों को 25 अगस्त को बंद रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग की अनुमति के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार, जनपद में संचालित कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय 25 अगस्त को पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। इस दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य नहीं होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं विद्यालय प्रबंधकों को आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों और छात्र-छात्राओं तक समय रहते सूचना पहुंचाने को कहा गया है, ताकि खराब मौसम में बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का व्यापक स्तर पर प्रसार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।