बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सर्व शिक्षा अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को परिषदीय विद्यालयों में उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सफल परीक्षार्थियों के बीच अंक पत्र के साथ ही पुरस्कार वितरित किया गया। वहीं शिक्षकों को भी प्रोत्साहित करने के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में सदर विकास खण्ड के नरसिंहपुर खुर्द गांव में उत्सव कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को प्रोत्साहित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस बार सर्व शिक्षा अभियान अंतर्गत स्कूल चलो अभियान चार बार आयोजित किए जाएंगे। पहला चरण अप्रैल, दूसरा जुलाई, तीसरा नवंबर और चौथा चरण जनवरी होगा।
इसके तहत छह से 14 वर्ष के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन, विद्यालयों में उनकी उपस्थिति, ठहराव के लिए शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करेंगे। कहा कि सरकार द्वारा मुफ्त भोजन, ड्रेस और पाठ्य-पुस्तक दी जा रही है, ताकि कोई भी गरीब बच्चा शिक्षा हासिल करने से वंचित न रहने पाए।
अभिभावकों का आह्वान किया कि शिक्षा के प्रति अभिभावक गंभीर हों और अपने बच्चों का दाखिला स्कूलों में जरूर कराएं। इसके पूर्व कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को खंड शिक्षा अधिकारी ने पुरस्कृत किया। वहीं विद्यालय के टॉप छात्र व बेहतर शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षक को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर अनिल कुमार पांडेय, संजय यादव, राजेंद्र प्रसाद, फेकू विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।
अध्यक्षता हृदय नारायण श्रीवास्तव व संचालन सुरेश गुप्ता ने किया। नियामताबाद : विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पटनवां, नियामताबाद व पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरना में बुधवार को विद्यालय उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालयों के बच्चों को अंकपत्रों का वितरण किया गया।
महोत्सव के मुख्य अतिथि सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि बच्चे विद्यालय में पढ़े और बढ़ें। नियामताबाद में 213 बच्चों को अंकपत्र का वितरण किया गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरना में 121 छात्र-छात्राओं को अंकपत्र दिए गए। वहीं अव्वल तीन छात्र-छात्राओं को कापी, कलम आदि देकर पुरस्कृत किया गया।
प्राथमिक विद्यालय पटनवां में विद्यालय उत्सव के दौरान विशिष्ट अतिथि देव भट्टाचार्या ने पांचवी कक्षा में उत्तीर्ण बच्चों को कलम और कापी देकर सम्मानित किया। प्राथमिक विद्यालय मढ़ियां में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष व प्रधानाध्यापक उपेंद्र बहादुर सिंह ने 70 बच्चों को प्रमाण पत्र दिया। अध्यक्षता शाहनवाज आलम खां और संचालन राम अवध राम ने किया।
इस दौरान वीणा देवी, मनोज कुमार पांडेय, श्रीनिवास सिंह, आनंद चतुर्वेदी मौजूद रहे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने बुधवार को कक्षा छह, सात और आठ के 213 छात्र-छात्राओं को अंकपत्रों का वितरण किया। इस अवसर पर एबीआरसी अनिता कुमारी, प्रधानाध्यापक ऊषा देवी, वीणा देवी, शशि किरन, कल्पना व प्रियंका उपस्थित रहे।
कंदवा : क्षेत्र के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय कम्हरिया में बुधवार को विद्यालय उत्सव दिवस मनाया गया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया।