चंदौली। प्रगतिशील मानव समाज पार्टी ने युवाओं को रोजगार देने समेत कुल 10 सूत्रीय मांगों के समर्थन में बिछियां स्थित धरनास्थल पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अफसर को सौंपा। कहा कि जनहित के मुद्दे पर केंद्र सरकार जायज मांगों पर विचार करते हुए उसे तत्काल पूरा करे।इस दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रिका बिंद ने कहा कि केवट, बिंद, निषाद, कश्यप, मल्लाह समेत 17 अतिपिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिया जाए। साथ ही अनुसूचित जाति का कोटा 21 से बढ़ाकर 35 प्रतिशत किया जाए। युवाओं के रोजगार की व्यवस्था की जाए। कहा कि समाज के गरीब व कमजोर वर्ग के लोगों के लिए निशुल्क चिकित्सा व्यवस्था किया जाए। कोरोनाकाल में गरीब परिवारों को 20 हजार एवं मध्यम वर्गीय परिवार को 10 हजार आर्थिक सहायता राशि प्रदान किया जाय। स्कूल-कालेज व हास्टल फीस मार्च से लगायत सितंबर माह तक माफ की जाय। गरीब एवं मध्यम वर्ग का छह माह का बिजली बिल माफ किया जाय। कहा कि सरकारी उपक्रमों के निजीकरण पर रोक लगाया जाय। देश में बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी, रिश्वतखोरी, शोषण व भ्रष्टाचार पर रोक लगायी जाए। बढ़ रहे अन्याय, अत्याचार पर रोक लगाकर समाज के प्रत्येक वर्ग व महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर संतोष कुमार सिंह, गणेश प्रसाद बिंद, मोहन रसिया, रमेश बिंद, मोती लाल, सरफून बेगम, सद्दाम हुसैन, रामनगीना बिंद आदि उपस्थित रहे।